मई 2021 की नई फिल्में | May 2021 New Movies

मई 2021 की नई फिल्में (May 2021 New Movies) इस प्रकार हैं:

सरदार का ग्रैंडसन:

कहानी:

फिल्म की कहानी सरदार कौर (नीना गुप्ता) और उनके पोते अमरीक सिंह (अर्जुन कपूर) के बीच की है, जो एक दूसरे से बेहद प्यार करते हैं। अपने पति के साथ मिलकर लाहौर में सरदार कौर ने बहुत सपने बुने हुए होते हैं। लेकिन, दंगे के कारण वह अपने दुधमुंहे बच्चे को सीने से बांधकर और एक साइकिल लेकर लाहौर से भागती है। सरहद के इस पार अमृतसर को वह अपना ठिकाना बनाती है और एक साइकिल कंपनी शुरू करती है। भारत के अमृतसर में अमरीक का परिवार रहता है। परिवार में अमरीक की दादी सरदार कौर है, जो ट्यूमर का शिकार हो गई हैं और उनके पास जीने के कुछ ही दिन बचे हुए होते हैं।

लेकिन सरदार कौर चाहती है कि भारत-पाकिस्तान के बंटवारे में लाहौर में छूटा हुआ उनका घर वह एक बार फिर देख लें। अमेरिका में पोते का दिल टूटता है तो वह दादी के दिल की बात पूरी करने हिंदुस्तान लौट आता है। अमरीक की तमाम कोशिशों के बावजूद भी सरदार का पाकिस्तान जाना पक्का नहीं हो पाता है। ऐसे में अमरीक फैसला करता है कि अगर वह सरदार को उनके लाहौर वाले घर नहीं ले जा सकता, तो घर को सरदार के पास लेकर आ जाएगा। अब अमरीक सिंह ऐसा कैसे करेगा यह फिल्म देखने पर ही पता चलेगा।

Cast: नीना गुप्‍ता, अर्जुन कपूर, रकुल प्रीत सिंह, जॉन अब्राहम, अदिती राव हैदरी, कंवलजीत सिंह

Release Date: 18 मई 2021

कबाड़ द कॉइन:

कहानी:

फिल्म ‘कबाड़ : द कॉइन’ में अभिनेता विवान शाह एक कबाड़ीवाला की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म की कहानी बंधन (विवान शाह) नाम के एक लड़के से शुरू होती है, जो मुंबई के एक स्लम एरिया में रहता है। एक दिन कबाड़ में काम करने वाले बंधन को बादशाह अकबर के जमाने के पांच सौ साल पुराने सोने के कीमती सिक्के मिलते हैं। बंधन रोमा को एक सोने का सिक्का देकर अपने प्यार का इजहार करता है। रोमा को पता चलता है कि ये सोने के सिक्के काफी कीमती हैं, इसलिए वो अपने प्रेमी सैम (अभिषेक बजाज) के उकसाने पर, वह बंधन से सिक्के लेने के लिए उससे प्यार करने का नाटक करती है। लेकिन रोमा को बंधन से प्यार हो जाता है। ऐसे में आगे क्या होगा यह जानने के लिए फिल्म देखनी पड़ेगी।

Cast: विवान शाह, जोया अफरोज, अतुल श्रीवास्तव, यशश्री मसूरकर, अभिशेक बजाज, इमरान हसनी, भगवान तिवारी

Release Date: 17 मई 2021

राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई

कहानी:

फिल्म में सलमान खान, दिशा पटानी और रणदीप हुड्डा मुख्य भूमिका में है। राधे (सलमान खान) एक ‘दबंग’ पुलिसवाला है, और राणा (रणदीप हुड्डा), गिरगिट (गौतम गुलाटी) और लोटा (संगे शेल्त्रिम) विलेन का किरदार निभा रहे हैं। जो मुंबई शहर को ड्रग्स के आगोश में लेना चाहते हैं। माफियाओं से निपटने के बीच एक दिन राह चलते राधे की मुलाकात होती है दीया (दिशा पटानी) से, जो उसी के सीनियर अफसर (जैकी श्रॉफ) की बहन है। फिल्म में राधे अपने स्टाइल में विलेन्स का खातमा कर रहा है। इस फिल्म में आपको ज़बरदस्त एक्शन, भारी डायलॉग, कॉमेडी, रोमांस और गाने सभी मिलते हैं। क्या राधे मुंबई से अपराध को कम करने में कामयाब रहेगा यह तो फिल्म देखकर ही पता चलेगा।

Cast: सलमान खान, दिशा पाटनी, रणदीप हुड्डा, जैकी श्राफ, गौतम गुलाटी,जरीना वहाब, जैकलीन फर्नांडीज, दर्शन जरीवाला

Release Date: 13 मई 2021

हम भी अकेले तुम भी अकेले:

कहानी:

हम भी अकेले तुम भी अकेले एक बॉलीवुड ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन हरीश व्यास ने किया है। फिल्म की कहानी 2 ऐसे दोस्तों की दोस्ती पर है, जो समलैंगिंक है। अंशुमन झा का किरदार वीर रंधावा गे है, जबकि ज़रीन ख़ान का किरदार मानसी लेस्बियन है। मानसी मेरठ की है। लेस्बियन है। माता-पिता इस बीमारी के बारे में जानते हैं, मगर पिता को अफ़सोस है कि वो इसका इलाज नहीं ढूंढ सके।

मानसी की शादी के लिए लड़के की तलाश की जा रही है। आख़िर, मानसी घर से भागकर दिल्ली चली जाती है। मानसी बेबाक, बेख़ौफ़ और ज़िंदादिल लड़की है। उधर अंशुमन अपनी मंगनी के दिन घर से भागकर अपने प्रेमी अक्षय (गुरफ़तेह पीरज़ादा) से मिलने दिल्ली आता है। दिल्ली में मानसी और वीर की मुलाकात होती है और उनके बीच दोस्ती हो जाती हैं।

Cast: जरीन खान, अंशुमन झा, रवि खानविलकर, नितिन शर्मा, जाह्नवी रावत, डेंजिल स्मिथ

Release Date: 9 मई 2021

यह भी देखें ???????? अप्रैल 2021 की नई फिल्में